शाम का समय केफै में चहल-पहल थी , अपने लिए बैठने की जगह ढूंढ़ते हुए कामिनी को अचानक एक परिचित सा चेहरा दिखाई दिया , जैसे ही वह उस चेहरे के पास गयी अनायास ही उसके मुंह से निकला "मधुर तुम ! "
मधुर भी उसे पहचानते हुए बोल पडी " अरे कामिनी तुम यहां ! तुम तो विदेश गयी थी ना आगे की पढाई करने ! "
"हां यार गयी थी और पूरी कर के वापस यहीं आ गयी" मधुर के पास वाली कुर्सी पर बैठते हुए कामिनी ने कहना जारी रखा , " मगर जो अपनापन और सुकून अपने देश में है वह परदेश में कहां ! इसलिए यहीं पर एक कंपनी में अच्छे पद पर हूं , अच्छा कमाती हूं "
"पतिदेव क्या करते हैं ? और बच्चे कितने हैं ?" मधुर ने पूछा
"नहीं यार सोचा पहले करियर से बना लूं अभी पति , बच्चों की जिम्मेदारी और घर के बंधनो में नहीं बंधना चाहती ,अभी आजाद पंछी हूं , जब चाहूं कहीं भी आ जा सकती हूं कोई रोक-टोक नहीं , तुम सुनाओ ! माथे पर चाँद सी गोल बिंदीया , चमकता सिंदूर , कंगन , साडी पहने हुए पूरी भारतीय नारी लग रही हो , कितने बच्चे हैं ?"
मधुर मुस्करा कर कहने लगी " दो बेटीयां हैं , पति बिजनस मैन हैं ।"
"और तुम ? तुम क्या करती हो ?" कामिनी ने पूछा
"मैं ,घर संभालती हूं , हाऊस वाईफ हूं , शापिंग करते हुए थक गयी तो यहां काफी पीने बैठ गयी " मधुर ने बुझे स्वर में कहा
बातों -बातों में विदाई लेने का समय आ गया दोनो ने फिर मिलने का वादा करते हुए विदा ली ।
उस दिन से मधुर कुछ बुझी-बुझी सी रहने लगी थी सोचती कितनी आजाद है ना कामिनी , न घर की न बच्चों की जिम्मेदारी , न कोई रोकने -टोकने वाला कितनी शानदार जिंदगी है ।
कुछ दिनों बाद अचानक घर के दरवाजे पर कामिनी को देखकर मधुर ने हैरानी और उत्सुकता से उसका स्वागत किया "आज अचानक कैसे आना हुआ ?"
"सच कहूं मधुर ! तो उस दिन तुम्हें पूर्ण भारतीय नारी के रूप में देखकर मुझे बहुत खुशी हुई और अपनी कमी का अहसास भी , ये भी कोई जिंदगी है न कोई पूछने वाला कि खाना खाया कि नही! न कोई बोलने वाला, कितना भी करियर क्यूं न बना लूं मगर परिवार की कमी कोई नहीं पूरी कर सकता , इसलिए जिस लड़के से प्यार करती थी उसी से अगले हफ्ते शादी कर रही हूं , तुझे अपने पूरे परिवार के साथ आना है !"
"हां जरूर आऊँगी , यह भी कोई कहने की बात है !" कहते हुए मधुर की आँखों में चमक आ गयी थी ,उसे अब अहसास हो गया था कि कामिनी की जिस आजादी को देखकर उसे खुद से शिकवा था वह आजादी नहीं बल्कि अधूरापन था , परिवार के बिना कैसी पूर्णता ।
प्रिया वच्छानी
मंगलवार, 30 दिसंबर 2014
पूर्णता का आभास
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें