शनिवार, 3 जनवरी 2015

खत

खत , चिठठी , पत्र , कितने प्यारे दिन थे वो भी जब सब डाकिया बाबू का इंतजार किया करते , दूर से ही उनकी साइकिल की घंटी की आवाज सुनते ही सब के चेहरे पर रौनक आ जाती सब अपने कामों से हाथ खीचकर मुस्करा कर उनका स्वागत करने के लिए तैयार रहते ,सब को अपनी चिठ्टियों का इंतजार रहता  दादा जी को लगता शायद उनके भाई या दोस्त का खत होगा , दादी सोचती चाचा जी या बुआ की चिठ्ठी होगी , माँ रसोईघर से चुपके से झांकती कि शायद उनके मायके से बुलावा आया हो ,सबकी उम्मीदें जुडी होती उस खत के पढे जाने तक ।
अगर कहीं पोस्टकार्ड की जगह लिफाफे में खत हो और ऊपर भैया का नाम हो तब तो जरूर यह भाभी की तरफ से आया है , भैया शरमाते हुए खत को लेकर बाहर चले जाते और कहीं एकान्त में उसी खत को बार -बार पढ़ते ,जैसे हर बार पढ़ने पर उसमें से कोई नया संदेश निकल आयेगा। और कहीं कोना कटा हुआ पोस्ट कार्ड आता तो सब के मन में भय आ जाता कि हमारी तरफ से बुरी खबर न हो । ऐसा खत देते हुए डाकिया बाबू के चेहरे पर भी उदासी होती थी , और कहीं खुशी की खबर हो तब तो उनकी मिठाई जरूर बनती थी , मुझे अच्छी तरह से याद है दीवाली पर जिस तरह घरवालों , रिश्तेदारों के लिए मिठाई आती थी उसमें एक पैकेट डाकिया बाबू का भी जरूर होता ,और हो भी क्यूं ना आखिर हमारा देश है भी ऐसा जहां सुना है प्रेम का संदेश लाने वाले कबूतर की चोंच को भी सोने से मड़वा दिया जाता था। उसी तरह डाकिया बाबू हर एक के लिए जैसे घर का ही हिस्सा होते थे ।
हमारी फिल्मी दुनियां भी खत , डाक से अछूती न थी कितने मीठे गाने होते थे पुरानी फिल्मों में ,
खत लिख दे संवरिया के नाम बाबू कोरे कागज़ पे लिख दे सलाम बाबू वो जान जायेंगे पहचान जायेंगे ..... बहुत कम शब्दों में सांवरिया उसके मन की बात को समझ जायेंगे
हमने सनम को खत लिखा.....
और चिठ्ठी आई है वतन से चिठ्ठी आई है बडे दिनो के बाद.....
संदेसे आते हैं हमें तडपाते हैं .....,
इन गानों ने तो न जाने कितने लोगों की आँखें भिगो दी थी
और डाकिया डाक लाया तो पूरा गाना ही डाकिया बाबू के लिए बनाया गया था
         मगर जैसे फोन लगा चिठ्टियों का प्रचलन थोडा कम हुआ क्योंकि अब लोग फोन पर ही हाल चाल पूछ लेते पर फिर भी यह सिलसिला बंद नहीं हुआ , मगर पिछले दिनों में जब से फोन की जगह मोबाईल ने ली है  तब से तो चिठ्टियों की प्रथा ने तो दम ही तोड़ दिया है और उस पर अब फेसबुक और व्हाटस अप ने तो जैसे सारी दुनियाँ ही बदल दी है अब कोई प्रियतम के खत का इंतजार नहीं करता क्योंकि सुबह उठते ही मोबाईल पर गुड मोर्निंग हो जाती है। कोई डाकिया बाबू का इंतजार नहीं करता क्योंकि पता है अब किसी अपने का कोई खत नहीं आने वाला सारी बातें मोबाईल पर ही हो गयी हैं। अगर डाकिया बाबू आये भी तो कोई सरकारी कागज़ ही लायेगा ।
विज्ञान ने तरक्की तो कर ली हम अब दूर दराज के लोगों के तो पास आ गये हैं मगर फिर भी न जाने क्यूं मन में अब दूरीयां बढ़ गयी हैं , पहले चिठ्टियों में जितना कम शब्दों में अपनापन और प्यार होता था वहीं आज-कल की लंबी बातचीत और दिन भर वाटस एप पर भी जुड़े रहने से रिश्तों में प्रगाढ़ता नहीं रही , जहां विज्ञान की तरक्की से हमने बहुत कुछ हासिल किया है वहीं हमने काफी कुछ खोया भी है ।
मैं विज्ञान से मिलनेवाले फायदों को नकार नहीं रही मगर क्यूं ना दोस्तों कुछ ऐसा किया जाये कि ज्यादा न सही मगर महीने में कम से कम एक खत हम किसी अपने के नाम लिखें , इससे जहां हमारे हम अपना प्यार जता सकेंगे वहीं थोड़ी बहुत ही सही खत लिखने की परम्परा फिर से लौट आएगी और इस तरह खत पाने वाले के चेहरे पर भी कितनी प्यारी मुस्कान आएगी ना ।
प्रिया वच्छानी

1 टिप्पणी: